home page

गौशाला में छिपाकर रखा था प्रतिबंधित नशे का सामान, पिपरा पुलिस ने 160 सूई बरामद की

 | 
गौशाला में छिपाकर रखा था प्रतिबंधित नशे का सामान, पिपरा पुलिस ने 160 सूई बरामद की


सुपौल, 12 जून (हि.स.)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बसहा वार्ड संख्या 4 में छापेमारी कर 160 प्रतिबंधित नशे की सूई बरामद की है।

मामले में आरोपी कुन्दन कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बसहा निवासी कुन्दन कुमार गौशाला की आड़ में नशे से जुड़े अवैध कारोबार का संचालन कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर छापा मारा।

तलाशी के दौरान गौशाला में रखे एक प्लास्टिक के थैले से 160 प्रतिबंधित सूई बरामद हुई। पुलिस के अनुसार इनका इस्तेमाल नशे के इंजेक्शन लगाने में किया जाता था। बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

छापेमारी के दौरान पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही आरोपी पीछे के रास्ते से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

पिपरा पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र