ट्रक से 24 हजार 693 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, चालक हिरासत में
कूचबिहार, 10 नवंबर (हि. स.)। जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 25 हजार बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की है। इस मामले में ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, माथाभांगा-2 ब्लॉक के घोक्साडांगा थाना क्षेत्र के चौपथी इलाके में मंगलवार तड़के पुलिस की एक टीम पहले से निगरानी कर रही थी। संदिग्ध ट्रक के वहां पहुंचते ही पुलिस ने उसे रोककर तलाशी शुरू की। ट्रक में रखे कार्टूनों की जांच करने पर उनमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप की बोतलें मिलीं। पुलिस ने कुल 24 हजार 693 बोतलें जब्त की हैं।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कफ सिरप की यह बड़ी खेप सिलीगुड़ी से असम ले जाई जा रही थी। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। फिलहाल घोक्साडांगा थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

