आटे की बोरियों के पीछे छिपा लाखों का प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद
जलपाईगुड़ी, 31 जुलाई (हि. स.)। जलपाईगुड़ी में तीस्ता पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ चालक को हिरासत में लिया है। शुक्रवार को कोतवाली थाना पुलिस ने प्रभारी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान पुलिस ने ट्रक से 120 कार्टून प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार शाम एक मालवाहक ट्रक को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में रखी आटे की बोरियों के पीछे छिपाकर रखे गए 120 कार्टून नशीले इस्तेमाल के लिए प्रतिबंधित कफ सिरप को बरामद किया गया।
घटनास्थल से ट्रक को जब्त कर लिया गया और तस्करी के आरोप में चालक को हिरासत में ले लिया गया। सुरक्षा कारणों से फिलहाल पुलिस ने नाम चालक का नाम उजागर नहीं किया है।
प्रारंभिक जांच में बरामद कफ सिरप की बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। जिसे तस्करी कर कोलकाता से गुवाहाटी ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

