home page

160 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ एक गिरफ्तार, दूसरा फरार,कार जब्त

 | 
160 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ एक गिरफ्तार, दूसरा फरार,कार जब्त


अररिया, 14 नवम्बर(हि.स.)।

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फारबिसगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 160 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस को देखकर कार से उतरकर एक युवक भागने में सफल रहा,जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।पुलिस ने मौके से काले रंग की किया कंपनी की कार जब्त किया है। बरामद कफ सिरप की कुल मात्रा 16 लीटर बताई गई।

मिली जानकारी के अनुसार, देर रात्रि पुलिस अवर निरीक्षक कलीम आलम के नेतृत्व में एसआई संजीव कुमार, अमित राज तथा सशस्त्र बल के जवानों ने रामपुर ओवरब्रिज के पास दक्षिण दिशा से आ रही काले रंग की किया कार की गुप्त सूचना पर तलाशी ली तो उसमें से प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ।कार चालक पुलिस को देखकर वाहन लेकर भागने का प्रयास किया था।जिसे पुलिस बल ने घेर कर रोका। इस दौरान कार से एक युवक उतरकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया, जबकि कार में सवार दूसरे युवक को पुलिस ने पकड़ लिया।

पकड़े गए युवक की पहचान पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपुर भंगहा वार्ड संख्या 14 निवासी 23 वर्षीय अभिषेक कुमार पिता विश्वनाथ पासवान के रूप में हुई। वहीं फरार युवक रितेश कुमार है।कार की तलाशी के दौरान डैशबोर्ड से पंजाब नेशनल बैंक की एक पासबुक और जियो का एक डेबिट कार्ड और मोबाइल भी बरामद किया गया।

जानकारी फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर प्रसाद ने शनिवार को फारबिसगंज थाना में दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर