लखनऊ में बैंक अधिकारी ने गोली मारकर की खुदकुशी
लखनऊ, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गुडम्बा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक निजी बैंक अधिकारी ने गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने फारेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की पहचान काजी अहमद जैद (40) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में लखनऊ के आदिल नगर, कल्याणपुर इलाके में परिवार के साथ रहते थे। मृतक अलीगंज स्थित एक निजी बैंक में अधिकारी थे। पत्नी तैयबा ने पूछताछ में बताया कि वह अपने घरेलू काम में व्यस्त थी। इसी दौरान घर की पहली मंजिल पर बने कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। वह फौरन ऊपर पहुंची तो देखा कि पति का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी पर पुलिस माैके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। मृतक के सिर में गोली लगने की वजह मृत्यु हुई है। मौके से एक असलहा बरामद किया गया है। परिवार से पूछताछ की गई, लेकिन उनसे कोई अहम जानकारी नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

