home page

विवाहिता को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में बैंक मैनेजर पति समेत चार पर मुकदमा दर्ज

 | 
विवाहिता को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में बैंक मैनेजर पति समेत चार पर मुकदमा दर्ज


बांदा, 25 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में शहर कोतवाली क्षेत्र में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने बैंक मैनेजर पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतका के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में विवाहिता पति वरुण कुमार त्रिपाठी, सास-ससुर और पति के मामा राम ब्रजेश तिवारी पर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने तथा आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।

महाेबा जिले के कहरा निवासी आनंद प्रकाश त्रिपाठी ने बेटी आकांक्षा की शादी फरवरी 2017 में छावनी, बांदा निवासी वरुण कुमार त्रिपाठी के साथ की थी। आरोप है कि वर्ष 2025 तक संतान न होने पर पति और ससुरालियों ने आकांक्षा को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और तलाक लेने अथवा जान से मारने की धमकी दी। बाद में परिवार की पंचायत में पति के मामा ने बच्चा होने पर सब ठीक हो जाने की बात कही।

आरोप है कि जुलाई 2026 में आकांक्षा ने बांदा जिला अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। जन्म के बाद बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे कानपुर के रीजेंसी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि करीब 10 दिन बाद सास और मामा वहां पहुंचे और इलाज में अधिक खर्च होने की बात कहते हुए बच्चे को रीजेंसी अस्पताल से डिस्चार्ज करा दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब सात दिन बाद बच्चे की मौत हो गई।

मृतका के पिता का आरोप है कि बच्चे के जन्म से करीब चार माह पहले से ही पति वरुण कुमार ने पत्नी से दूरी बना रखी थी और उससे मिलने तक नहीं आया। वहीं, रक्षाबंधन से पहले सास-ससुर ने घर में सीसीटीवी कैमरे लगाकर आकांक्षा को अकेला छोड़ दिया और जबलपुर जाने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। आकांक्षा ने फोन पर घर में खाने-पीने का सामान और खर्च के लिए रुपये नहीं होने की जानकारी पिता को दी थी।

तहरीर के अनुसार 23 सितंबर को बांदा पुलिस ने आनंद प्रकाश को फोन कर तत्काल बांदा बुलाया। रात करीब 7.20 बजे पहुंचने पर उन्हें जानकारी हुई कि उनकी बेटी की मौत हो गई है। पुलिस के साथ घर के अंदर जाने पर आकांक्षा पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी मिली। पिता ने पति, सास-ससुर और मामा पर एक राय होकर बेटी को लगातार प्रताड़ित करने और धमकी देने का आरोप लगाया है।

पिता की तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने बैंक मैनेजर पति वरुण कुमार त्रिपाठी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने शुक्रवार को बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह