(अपडेट) बैंक खाते का लिंक मोबाइल नंबर बदलकर 14.97 लाख की धोखाधड़ी, दूसरा आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। गंज थाना पुलिस ने बैंक खाते में लिंक मोबाइल नंबर बदलकर करीब 14.97 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में दूसरे आरोपित योगेश येड़े (27) को गिरफ्तार किया है।
आरोपित पर धोखाधड़ी की रकम अपने खाते में प्राप्त करने और बाद में उसे नकद निकालने का आरोप है। इससे पहले मामले में एक्सिस बैंक देवेंद्र नगर शाखा, फाफाडीह के तत्कालीन डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, गंज थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 246/2026, धारा 316(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत यह कार्रवाई की गई है। प्रकरण में एक्सिस बैंक के ग्राहक सुषमा कुमार के खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना 14,97,451.32 की राशि ट्रांसफर कर निकाली गई थी।
जांच में पता चला कि, आरोपितों ने कम सक्रिय बैंक खाते को चिन्हित कर फर्जी कस्टमर एप्लिकेशन फॉर्म के जरिए खाते से लिंक मोबाइल नंबर बदलवाया। इसके बाद मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से ट्रांजेक्शन लिमिट बढ़ाई गई और खाते की एफडी क्लोज कर रकम को दूसरे खाते में ट्रांसफर किया गया।
पुलिस के मुताबिक, धोखाधड़ी की रकम योगेश येड़े के ‘इंडियन सेल्स’ नामक खाते में ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद पंडरी स्थित एक्सिस बैंक शाखा से सेल्फ चेक के माध्यम से रकम नकद निकाली गई।
बैंकिंग रिकॉर्ड, ट्रांजेक्शन डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने योगेश येड़े की भूमिका की पुष्टि करते हुए उसकी पतासाजी की। आरोपित मूल रूप से ग्राम उमरी, पोस्ट मोहझारी, थाना लांजी, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में एकता नगर, जनता कॉलोनी, गुढ़ियारी, रायपुर में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका और धोखाधड़ी की रकम के संबंध में जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

