home page

मछली पकड़ने की आड़ में बांग्लादेश हथियार तस्करी, आरोपितों को चार दिन की पुलिस रिमांड

 | 
मछली पकड़ने की आड़ में बांग्लादेश हथियार तस्करी, आरोपितों को चार दिन की पुलिस रिमांड


कोलकाता, 24 जुलाई (हि. स.)। सुंदरबन के जलमार्ग के जरिए बांग्लादेश में हथियारों की तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। लंबे समय से मिल रही खुफिया सूचनाओं के आधार पर भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा पर निगरानी बढ़ाने के बाद भारतीय तटरक्षक बल (कोस्ट गार्ड) ने वन विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाकर संदिग्ध मछली पकड़ने वाली ट्रॉलर एफवी झूमा को पकड़ा। ट्रॉलर की तलाशी के दौरान पांच अत्याधुनिक लंबी दूरी के आग्नेयास्त्र और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए। मौके से चार मछुआरों को गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपित मछली पकड़ने की आड़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवैध हथियारों की तस्करी करते थे।

गुरुवार शाम कोस्ट गार्ड ने चारों आरोपितों को सुंदरबन कोस्टल थाना पुलिस के हवाले कर दिया। शुक्रवार को उन्हें अलीपुर अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने सभी आरोपितों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपितों में संदेशखाली निवासी गोलाम मोल्ला इस गिरोह का मुख्य सरगना है, जबकि अन्य तीन आरोपित बसंती ब्लॉक के झड़खाली के निवासी हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से हथियारों की तस्करी में सक्रिय था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया है कि वे अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि बरामद हथियारों को अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग के जरिए बांग्लादेश पहुंचाने की योजना थी।

अन्य तथ्यों के लिए पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा