बैंडेल स्टेशन पर 108 जीवित कछुए बरामद, दो महिला तस्कर गिरफ्तार
हुगली, 16 नवंबर (हि.स.)। विशेष सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में हावड़ा जीआरपी जिले के अंतर्गत बैंडेल जीआरपी थाना पुलिस ने 108 जीवित कछुए बरामद किए हैं। इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को बैंडेल रेलवे स्टेशन परिसर में जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को बैंडेल जीआरपी थाना और आरपीएफ की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान दो महिलाओं को पांच जूट के बोरों के साथ संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। बोरों की तलाशी लेने पर अलग-अलग आकार के कुल 108 जीवित कछुए बरामद हुए।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नदिया जिले के धानतला निवासी कल्पना मंडल (50) और कृष्णगंज निवासी सरस्वती देवी मंडल (55) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वन्यजीवों की ऐसी प्रजातियों का अवैध परिवहन कानूनन प्रतिबंधित है। इस मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बरामद सभी 108 कछुओं को चुंचुड़ा वन रेंज कार्यालय को सौंप दिया है। वहीं, गिरफ्तार दोनों महिलाओं को मंगलवार को हुगली के चुंचुड़ा सदर स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में पेश किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

