बांदा : जुआ खेलते तीन आरोपित गिरफ्तार, तीन फरार
बांदा, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कालिंजर थाना पुलिस ने हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे तीन आरोपितों को बीती देर शाम मंगलवार गिरफ्तार किया है। वहीं, तीन अन्य आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
थानाध्यक्ष कालिंजर दारा सिंह ने बुधवार को बताया कि 22 सितंबर की देर शाम पुलिस गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि तरहटी कालिंजर-बेलाताल मार्ग पर बने जर्जर गुंबद के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और जुआ खेल रहे तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में नवल किशोर पुत्र रामकिशोर निवासी कीरतपुर, थाना धरमपुर, जनपद पन्ना (मध्य प्रदेश), जयपाल पुत्र नत्थू निवासी कटरा, थाना कालिंजर, जनपद बांदा तथा बाल किशन उर्फ बाटू पुत्र लक्ष्मण निवासी तरहटी कालिंजर, थाना कालिंजर, जनपद बांदा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार मौके से मालफड़ के 4,000 रुपये तथा आरोपियों की जामातलाशी से 1,145 रुपये और 52 ताश के पत्ते बरामद हुए। इसके अलावा तीन मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं। मामले में जबकि शेरा पुत्र रामऔतार, चुन्नू पुत्र अज्ञात और दुर्गेश पुत्र कौटू, सभी निवासी अज्ञात, अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

