home page

झाड़फूंक के बहाने नाबालिग के साथ ओझा ने किया दुष्कर्म

 | 
झाड़फूंक के बहाने नाबालिग के साथ ओझा ने किया दुष्कर्म


बांदा, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बेटी की बीमारी ठीक कराने के लिए झाड़फूंक के लिए पहुंची महिला की नाबालिग बालिका के साथ ओझा द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां की तहरीर पर बिसंडा थाना पुलिस ने नामजद आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म समेत संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपित फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला अपनी नाबालिग बेटी के साथ मायके में आई हुई थी। यहां कई दिनों से किशोरी की तबीयत खराब थी। आसपास के लोगों ने महिला को इटरा मिलौली गांव निवासी परशुराम यादव के बारे में बताया कि वह झाड़फूंक करता है और बीमारी ठीक करने का दावा करता है। इस पर बुधवार शाम महिला अपनी बेटी को लेकर उसके पास पहुंची। जहां ओझा झाड़फूंक करने के बहाने किशोरी को एकांत स्थान पर ले गया और उसके साथ आपत्तिजनक हरकत किया। किशोरी के शोर मचाने पर उसकी मां मौके पर पहुंची। मां को आता देख आरोपित वहां से भाग निकला। इसके बाद किशोरी ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी।

महिला ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने नामजद आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेज दिया।

क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने गुरुवार को बताया कि मामले में आज मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह