home page

बांदा: रंजिश में किसान को बाइक से गिरा कर तमंचे से मारी गोली, मुकदमा दर्ज

 | 
बांदा: रंजिश में किसान को बाइक से गिरा कर तमंचे से मारी गोली, मुकदमा दर्ज


बांदा, 27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में देहात कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर चल रहे विवाद में दिनदहाड़े दबंग युवक ने बाइक से जा रहे किसान को बाइक से नीचे गिराकर तमंचे से फायर झोंक दिया। इस फायरिंग में किसान बाल बाल बच गया। घटना से इलाके में अफरा तफरी मच गई। किसान ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

देहात कोतवाली क्षेत्र के जारी गांव निवासी महंतू यादव पुत्र मंगी यादव ने थाने में तहरीर दी। जिसमें बताया कि वह रविवार को दोपहर करीब दो बजे किसी काम से बाइक लेकर बांदा जा रहा था। जैसे ही वह देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरेह-बबेरू रोड आरटीओ कार्यालय के पास पहुंचा था, तभी सामने से आ रहे गांव के ही कल्लू सिंह ने उसकी बाइक पर लात मारकर उसे जमीन पर गिरा दिया। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। कहासुनी के बीच हाथापाई होने लगी। महंतू का आरोप है कि इस दौरान कल्लू सिंह ने कमर से तमंचा निकालकर उसके ऊपर फायर कर दिया। लेकिन बीच में एक अन्य युवक ने कल्लू के हाथ को ऊपर उठा दिया, इससे गोली ऊपर से निकल गई और वह बाल-बाल बच गया। दिनदहाडे़ हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।। घटना के बाद आरोपित कल्लू तमंचा लहराते हुए मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल किया।

पीड़ित महंतू ने बताया कि कल्लू से पुरानी रंजिश चलती है। उन्होंने पूर्व में कल्लू के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया था, इसी को लेकर उसने घटना की है।

देहात कोतवाली प्रभारी संजीव चौबे ने बताया कि बाइक टकराने से विवाद हुआ था। इस मामले में एक पक्ष पर फायर करने का आरोप है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है। दोनों पक्षों के बीच पुरानी अवैध संबधों को लेकर रंजिश चली आ रही है। महंतू ने कल्लू पर पूर्व में जानलेवा हमले का मुकदमा भी दर्ज कराया हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह