थाने से हथकड़ी की रस्सी खोलकर दुष्कर्म आरोपित फरार
बांदा, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के बिसंडा थाने में पुलिस अभिरक्षा से दुष्कर्म आराेपित हथकड़ी की रस्सी खोलकर फरार हो गया। घटना रविवार तड़के करीब चार बजे की बताई जा रही है। आरोपित के थाने से भागने की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार आरोपित की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव निवासी मलखान यादव करीब एक माह पहले एक किशोरी को लेकर गांव से फरार हो गया था। मामले की जानकारी मिलने पर बिसंडा थाना पुलिस ने तलाश कर किशोरी और आरोपित को बरामद कर लिया था। आरोपित के खिलाफ बिसंडा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 172/26 दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे थाने में निगरानी के बीच हथकड़ी लगाकर रखा गया था। रविवार को किशोरी का मेडिकल परीक्षण और बयान दर्ज कराया जाना था, जबकि आरोपित को न्यायालय में पेश किया जाना था। इससे पहले ही आराेपित मलखान यादव रविवार तड़के करीब चार बजे मौका पाकर हथकड़ी में बंधी रस्सी खोल कर थाने से भाग निकला। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जब उसके फरार होने की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई।
क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया है। आरोपित के खिलाफ तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

