home page

बलरामपुर में खैर की 33 बोटा लकड़ी समेत ट्रैक्टर जब्त, एक आरोपित गिरफ्तार

 | 
बलरामपुर में खैर की 33 बोटा लकड़ी समेत ट्रैक्टर जब्त, एक आरोपित गिरफ्तार


बलरामपुर, 18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर में हर्रैया थाना क्षेत्र के महादेव बंकी गांव में अवैध रूप से खैर की लकड़ी कटान और ढुलाई के मामले में वन विभाग एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मौके से खैर की 33 बोटा लकड़ी, लगभग 2 क्विंटल जलौनी लकड़ी तथा एक ट्रैक्टर भी जब्त किया है।

बनकटवा रेंज के वन रेंज अधिकारी शत्रुह्रन लाल ने गुरुवार को बताया कि एसएसबी की 09वीं वाहिनी के बीओपी गंधैला नाका को सूचना मिली कि महादेवबंकी गांव में बिना सरकारी अनुमति के खैर के पेड़ों की कटाई की जा रही है। सूचना मिलते ही एसएसबी ने बनकटवा वन विभाग को अवगत कराया, जिसके बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

तलाशी के दौरान एक लाल रंग के ट्रैक्टर पर खैर की लकड़ी लदी मिली। मौके पर मौजूद चालक से पेड़ कटान एवं ढुलाई से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर एवं लकड़ी को जब्त कर लिया। वन विभाग द्वारा जब्त सामग्री को बनकटवा रेंज कार्यालय लाया गया, जहां माप-तौल एवं गणना में खैर की कुल 33 बोटा लकड़ी तथा लगभग 2 क्विंटल जलौनी लकड़ी पाई गई।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान अटल बिहारी पुत्र दीप नारायण, निवासी भीतवरिया कला, पोस्ट सोनपुर, थाना हर्रैया, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई है। वन विभाग बनकटवा रेंज ने मामले में ग्रामीण वृक्ष संरक्षण अधिनियम का मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अवैध कटान और वन संपदा की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन