बलरामपुर में दूसरे राज्य की मदिरा में मिलावट की तैयारी, 11.6 बल्क लीटर देशी शराब जब्त
बलरामपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में अवैध और मिलावटी मदिरा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी उड़नदस्ते ने आज रविवार को चांदो थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरियाडीह में दबिश दी। इस दौरान झारखंड में बिक्री के लिए निर्मित 11.6 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला जब्त की गई। मौके से 51 खाली शीशियां और उन्हें सील करने के लिए रखे गए 560 ढक्कन भी बरामद हुए। मामले में 29 वर्षीय अरविन्द कुमार, पिता रामचंद्र प्रसाद, के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी शशांक शर्मा के मार्गदर्शन में जिले में दूसरे प्रांत की मदिरा और मिलावट के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिला स्तरीय आबकारी उड़नदस्ते ने खजुरियाडीह में कार्रवाई की। विभाग के अनुसार, बरामद खाली शीशियां और ढक्कन मदिरा में मिलावट कर दोबारा पैकिंग करने की तैयारी की ओर संकेत करते हैं।
आबकारी विभाग ने अरविन्द कुमार के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रकरण की विवेचना परिवीक्षाधीन आबकारी उपनिरीक्षक मनीष कुमार चंद्रा कर रहे हैं।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक चन्द्रदीप भगत और अभिषेक राजवाड़े, मुख्य आरक्षक धर्मजीत राम शर्मा, आरक्षक सचिन यादव और प्रभात गुप्ता, महिला नगर सैनिक कलिस्ता एक्का और हेमंती तिर्की तथा वाहन चालक दिनेश यादव शामिल रहे। आबकारी विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध और मिलावटी मदिरा के निर्माण, परिवहन तथा बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

