home page

बलिया में मकान की छत गिरने से मजदूर की मौत, युवती घायल

 | 
बलिया में मकान की छत गिरने से मजदूर की मौत, युवती घायल


बलिया, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया की बांसडीह कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोड़धप्पा गांव में सोमवार को एक मकान की छत ढलाई का मसाला तैयार करते समय गिर गयी। इस हादसे में एक 40 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई, जबकि 22 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस के अनुसार गोड़धप्पा गांव के विजय शंकर तिवारी के मकान की छत की ढलाई होनी थी। इसके लिए बगल की छत पर गिट्टी, बालू और सीमेंट रखे गए थे। जिस पर मजदूर मसाला बना रहे थे, तभी छत नीचे गिर गई, जिसके मलबे में बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के दिउली गांव निवासी मजदूर जयराम पटेल व मकान मालिक की बेटी किरण तिवारी दब गए। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला।

ग्रामीण घायलों को सीएचसी बांसडीह ले गये, जहां डाक्टरों ने जयराम पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल किरण तिवारी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्र, सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र तथा प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने जेसीबी से मलबा हटवाया। पुलिस ने मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका पर मोबाइल फोन से बाकी मजदूरों की जानकारी ली। पता चला कि हादसा के समय मौजूद तीन अन्य मजदूर सुरक्षित अपने घर पहुंच गए थे।

क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि मकान की ढलाई के लिये मसाला तैयार करते समय छत अचानक गिरने से मलबे में दब कर एक मजदूर की मौत हुई है, जबकि एक युवती घायल हो गई है। घायल युवती का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मृतक जयराम पटेल का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी