बलिया : आभूषण व्यवसायी से लूट करने वाले अंतरराज्यीय लुटेरा गैंग के छह सदस्य गिरफ्तार
बलिया, 21 अगस्त (हि.स.)। बलिया के नरही थाना क्षेत्र में 15 अगस्त को आभूषण व्यवसायी से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सर्विलांस, स्वाट टीम और नरही पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय लुटेरा गैंग के छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से दो मोटरसाइकिल, आठ मोबाइल फोन, 86 हजार से अधिक नकद, लूट के आभूषण, एक तमंचा, दो कारतूस और दो चाकू बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक 15 अगस्त को एक सोनार अपनी दुकान बंद कर बेटे के साथ मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। उसके बैग में आभूषण और नकदी थी। भरौली से गाजीपुर जाने वाले मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने उसका बैग छीन लिया था। मामले में 16 अगस्त को नरही थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शुक्रवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि सर्विलांस और स्वाट टीम ने घटनास्थल से लेकर पीड़ित के घर तक के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों, डंप डाटा और वीटीएस डाटा का विश्लेषण किया। इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल नौ लोगों को चिह्नित किया।
गुरुवार रात करीब नौ बजे बघौना मोड़ के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपित भी पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विकास प्रधान, कृष्ण कुमार उर्फ धनु यादव, अमन महतो उर्फ रामलखन, राजू चौरसिया, मदन कुमार वर्मा और विशाल चौधरी के रूप में हुई है। इनमें दो गाजीपुर और चार अन्य बिहार के बक्सर के रहने वाले हैं।
बकौल एसपी पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि लूट की वारदात में कुल नौ लोग शामिल थे। चार बदमाशों ने सोनार से बैग छीना था, जबकि अन्य ने रेकी और मुखबिरी की थी। पुलिस के अनुसार, एक आभूषण कारोबारी लड्डू वर्मा उर्फ चंद्र प्रकाश पर वारदात की साजिश कराने और रास्ते व दुकान की जानकारी उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि वारदात से दो दिन पहले आरोपितों ने दुकान और रास्ते की रेकी की थी।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 61(2)(क) और 317(2) की बढ़ोतरी की है। तीन अन्य आरोपित लड्डू सेठ उर्फ चंद्र प्रकाश वर्मा, प्रेम यादव और दीपू यादव उर्फ रोहित कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
एसपी ओमवीर सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में राजू चौरसिया का वाराणसी और गाजीपुर में आपराधिक इतिहास है। मदन कुमार वर्मा के खिलाफ बिहार में बैंक लूट समेत कई मामले दर्ज बताए गए हैं। अन्य आरोपितों के खिलाफ भी बिहार में चोरी, हत्या और शस्त्र अधिनियम से जुड़े मुकदमों की जानकारी जुटाई जा रही है।
लूट का खुलासा करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसपी ने 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

