home page

पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गौतस्कर घायल

 | 
पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गौतस्कर घायल


बलिया, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया कोतवाली नगर पुलिस ने शुक्रवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर एवं शातिर गौतस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि कोतवाली पुलिस की टीम रात करीब साढ़े बारह बजे शिवरामपुर घाट रोड स्थित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना फेफना से गौतस्करी के मामले में वांछित अभियुक्त मदन मोहन उर्फ डब्लू काले रंग की स्कॉर्पियो से महावीर घाट की ओर से शिवरामपुर घाट की तरफ जा रहा है।

पुलिस ने स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर किनाराम घाट की ओर भागने लगा। पीछा किए जाने पर खुद को घिरा देख आरोपी वाहन से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगा। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मदन मोहन उर्फ डब्लू यादव (27 वर्ष) पुत्र कृष्ण कुमार यादव निवासी इच्छा चौबे का पूरा थाना नरही के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार वह थाना नरही का हिस्ट्रीशीटर है।थाना फेफना में दर्ज गौतस्करी के मामले में वांछित था तथा उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की एक स्कॉर्पियो बरामद की है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी