पड़ोसी युवक ने वायरल किया अश्लील वीडियो, किशोरी ने कर ली आत्महत्या
बलिया, 01 अगस्त (हि.स.)। जिले के मनियर थाना क्षेत्र में अश्लील वीडियो बनाने और छेड़छाड़ से परेशान एक नाबालिग किशोरी द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपित समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को पीड़िता की मां की तहरीर पर उसी गांव के एक युवक के विरुद्ध नाबालिग को बहला-फुसलाकर उसकी अश्लील वीडियो बनाने और छेड़छाड़ करने के आरोप में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले की विवेचना चल रही थी।
इसी दौरान शनिवार को पीड़िता ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश शुक्ल ने शनिवार देरशाम को बताया कि घटना के मुख्य आरोपित जाहिद समेत दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

