ससुर पर जानलेवा हमला करने वाला दामाद गिरफ्तार
बलिया, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में उभांव थाना क्षेत्र में ससुर पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आराेपित दामाद काे साेमवार
पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को पीड़ित की पत्नी ने उभांव थाने में तहरीर दी थी कि उसके दामाद बसंत कुमार गौतम ने उनके पति(ससुर) पर जान से मारने की नीयत से पेट में चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पीड़ित व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मऊ रेफर कर दिया। मामले में थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आराेपित की तलाश में जुट गई।
थाना प्रभारी दिनेश पाठक ने बताया कि सोमवार तड़के पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कुन्डैल नया ढाला रेलवे क्रॉसिंग के पास से आरोपित बसंत कुमार गौतम निवासी फरसाटार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद हुआ है। आरोपित के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। घटना के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

