बलिया में प्रधानाध्यापक ने स्कूल के शौचालय में किया 5 साल की छात्रा का यौन उत्पीड़न , गिरफ्तार
सिकंदरपुर थाना पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, पूछताछ जारी
बलिया, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया के सिकंदरपुर क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक फैजुल्लाह अंसारी पर पांच वर्षीय बालिका के साथ अश्लील हरकत करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। चाकलेट के बहाने स्कूल के शौचालय में गलत कृत्य करने वाले प्रधानाध्यापक फैजुल्लाह अंसारी को सिंकदरपुर पुलिस ने बीती रात गिरफ्तार कर लिया है।
28 अप्रैल को स्कूल से घर लौट कर पांच साल की पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि प्रधानाध्यापक फैजुल्लाह अंसारी ने टाफी के बहाने ने उसे स्कूल बाथरूम में ले जाकर गलत हरकत की। बालिका ने खुलासा किया कि यह घटना कई बार हो चुकी है। इतना ही नहीं, एक अन्य छात्रा के साथ भी प्रधानाध्यापक ने ऐसा ही किया है। मां को यह बात पता चलते ही उन्होंने पिता व परिजनों को सूचित किया। परिवार ने 100 नंबर पर पुलिस को फोन कर बुलाया और सिकंदरपुर कोतवाली पहुंचकर बालिका की मां ने तहरीर दी। इस घटना से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है और वे आरोपित को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने आश्वस्त किया कि कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक मूलचंद चौरसिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता का बयान दर्ज किया। बालिका ने थाने में अपनी आपबीती दोहराई, जिसके आधार पर प्रधानाध्यापक फैजुल्लाह अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बीती रात ही गिरफ्तार कर लिया गया और पूछताछ शुरू हो गई। सीओ सिकंदरपुर ने बताया कि मासूम पीड़िता की मां की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपित फैजुल्लाह अंसारी से कड़ी पूछताछ चल रही है। उन्होंने आगे जांच में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं, जेिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि नवानगर बीईओ से जांच रिपाेर्ट आते ही विभागीय कार्रवाई होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

