home page

बलिया : मारपीट के आरोपी को छुड़ाने के प्रयास में पुलिस पर पथराव, सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त

 | 
बलिया : मारपीट के आरोपी को छुड़ाने के प्रयास में पुलिस पर पथराव, सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त


बलिया, 12 मई (हि.स.)। जिले के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के नगपुरा पश्चिम टोला में मंगलवार को मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को उस समय भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा, जब कुछ लोग पकड़े गए युवक को छुड़ाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाए गए, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं तथा सरकारी वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे चौकी प्रभारी नगपुरा संदीप कुमार यादव को पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम के माध्यम से सूचना मिली कि धर्मेंद्र नामक युवक के साथ मारपीट कर उसे सड़क किनारे छोड़ दिया गया है। मारपीट करने वाले युवक मिंटू को लोगों ने पकड़ रखा था। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा की दृष्टि से पीआरबी कर्मियों ने मिंटू को अपने वाहन में बैठा लिया। इसी दौरान बड़ी संख्या में महिला, पुरुष व युवक मौके पर पहुंच गए और पकड़े गए युवक को उनके हवाले करने की मांग करने लगे। क्षेत्राधिकारी सदर राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस अधिकारियों द्वारा लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा था। मौके पर थाना अध्यक्ष चितबड़ागांव, एसएचओ रसड़ा, एसओ फेफना सहित अन्य पुलिस बल भी पहुंच गया।

पुलिस ने सूझबूझ के साथ आरोपी युवक को वहां से किसी तरह से निकाल दिया। इसके बाद कुछ लोग उग्र हो गए और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं, जबकि थाना चितबड़ागांव की सरकारी गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया। क्षेत्राधिकारी सदर के अनुसार क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी