home page

बलिया में सिपाही की मौत, तालाब में मिला शव

 | 
बलिया में सिपाही की मौत, तालाब में मिला शव


बलिया, 14 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद बलिया के बांसडीह कोतवाली में तैनात सिपाही परितोष मिश्रा का शव सोमवार को बांसडीह रोड थाना क्षेत्र स्थित एक तालाब से बरामद हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि सिपाही परितोष मिश्रा अपने साथी शिवगोपाल पाल को इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने के लिए बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने मोटरसाइकिल से गए थे। वापसी के दौरान उन्होंने बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में तैनात दो-तीन अन्य पुलिसकर्मियों के साथ छाता गांव के पास भोजन किया।

भोजन के बाद परितोष मिश्रा ने अपने साथियों को बताया कि उन्हें रात में मोबाइल ड्यूटी पर जाना है और वह मोटरसाइकिल से वहां से निकल गए। हालांकि निर्धारित समय पर वह बांसडीह थाने में ड्यूटी के लिए नहीं पहुंचे। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की और उनके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। सोमवार सुबह बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के चौरा मोड़ स्थित एक तालाब में परितोष मिश्रा का शव बरामद हुआ। तालाब में ही उनकी मोटरसाइकिल भी मिली, जिससे प्रथम दृष्ट्या मोड़ के कारण दुर्घटना प्रतीत हो रहा है। वहीं, इस सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ में खाना खाने वाले सिपाहियों से भी पूछताछ की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी एएसपी दिनेश शुक्ल करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी