बलिया में युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या
बलिया, 21 मार्च (हि.स.)। बलिया के भीमपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब इलाके के गोविंदपुर निवासी एक व्यक्ति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बंधु पुत्र रमाशंकर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को थाना भीमपुरा पुलिस को घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक (एफएसएल) टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है।
घटना के संबंध में मृतक के पुत्र गोलू यादव द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना भीमपुरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 45 वर्षीय बंधु यादव एक मोबिल ऑयल एजेंसी में काम करता था। उसका शव सरया गांव के पास खेत में मिला। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की हैं, जो आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

