home page

बलिया में मक्के के खेत में विवाद के बाद वृद्ध की हत्या

 | 

बलिया, 27 मार्च (हि.स.)। जिले के रेवती कस्बा में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां मक्के के कुछ पौधे तोड़े जाने से नाराज बाप-बेटे ने 62 वर्षीय वृद्ध की लाठी-डंडों से पीट पीटकर हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मुख्य आरोपित और उसके बेटे ओमप्रकाश को हिरासत में लिया गया।

रेवती कस्बा के वार्ड नंबर दो में श्रीराम पाण्डेय अकेले रहते हैं। उनका बेटा गुजरात में रहता है। श्रीराम पाण्डेय के रिश्तेदारों के अनुसार, घटना से एक दिन पहले ही पड़ोसी भृगुनाथ सिंह उनके घर आए थे और आरोप लगाया था कि श्रीराम ने उनके मक्के के पौधे तोड़े हैं। उन्होंने उसी समय धमकी दी थी कि वे उन्हें मारेंगे। इधर, शुक्रवार की सुबह श्रीराम पाण्डेय अपने घर के पास मृत पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गयी।

घटना की सूचना मृतक के भतीजे योगेश ने पुलिस को दी। जबकि श्रीराम पाण्डेय के रिश्तेदारों ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि पड़ोसी भृगुनाथ सिंह अपने बेटे और एक अन्य व्यक्ति के साथ लाठी-डंडे लेकर श्रीराम पाण्डेय के घर पहुंचे और बेरहमी से उनकी पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी अनुपम जायसवाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों को हिरासत में ले लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। मौके पर एएसपी कृपाशंकर व सीओ बैरिया फहीम कुरैशी पहुंचे हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी