home page

आग लगाकर बहू-पोते को मौत के घाट उतारने के आरोपित ससुर की लाश पोखरे में मिली

 | 
आग लगाकर बहू-पोते को मौत के घाट उतारने के आरोपित ससुर की लाश पोखरे में मिली


बलिया, 17 मार्च (हि.स.)। गड़वार थाना के चिलकहर में आग में घिरकर मां-बेटे की मौत के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार होने वालों में दम घुटने से मरी महिला की सास और देवर शामिल हैं। जिससे इस सनसनीखेज वारदात की गुत्थी उलझ गयी है। क्योंकि जिस ससुर पर आग लगाने का आरोप लगा था, उसकी भी लाश एक पोखरे से मिली है।

गड़वार थानाध्यक्ष हितेश कुमार ने मंगलवार शाम को बताया कि सोमवार की भोर में घर और दुकान में आग के कारण दम घुटने से नीरज चौरसिया की पत्नी रिंकी और उसके चार साल के मासूम बेटे की मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि मृत रिंकी के पिता रसड़ा कोतवाली के परसिया निवासी पुरुषोत्तम चौरसिया ने आरोप लगाया था कि उसकी बेटी और पौत्र को उसके ससुर, सास और उसके एक अन्य बेटे द्वारा घर के बाहर ताला लगाकर आग लगा देने से दम घुटने से मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि हत्या के नामजद अभियुक्तों की टीम बनाकर तलाश की जा रही थी। मंगलवार को चिलकहर रेलवे क्रासिंग के पास मुखबिर की सूचना पर दीपक चौरसिया पुत्र झूलन चौरसिया और कान्ती देवी पत्नी झूलन चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि जिस झूलन चौरसिया पर आग लगाने का आरोप लगाया गया है, उसकी भी लाश चिलकहर के पास पोखरे से मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही झूलन के मौत का कारण पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी