खेत में भैंस चराने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, एक वृद्ध महिला की मौत
बलिया, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रसड़ा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कैथीकला गांव में भैंस चराने को लेकर बुधवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गयी। इस दौरान जमकर चले लाठी-डंडे की चपेट में आकर एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, शांति व्यवस्था के लिए पुलिस की पैनी नजर बनीं हुई है।
क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता ने गुरुवार को बताया कि कैथीकला में सत्येन्द्र राम द्वारा मुन्ना राजभर के खेत में भैंस चराया जा रहा था। इस पर मुन्ना राजभर के परिवारिक सदस्यों ने सत्येन्द्र राम को मना किया। इसी बात पर दोनों पक्षों में वाद-विवाद के दौरान मारपीट हो गई। घटना के बाद मुन्ना राजभर की मां भगवती देवी (65) की मौत हो गई। इस सूचना पर थाना पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेजवा दिया। वहीं, मृतका की बहू की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई जारी है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस अग्रिम विधिक कार्यवाही में जुटी है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

