home page

बलिया में छात्रा संग छेड़खानी करने वाला सिपाही बर्खास्त

 | 

बलिया, 12 सितंबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शनिवार काे दोकटी थाना पर तैनात सिपाही को छात्रा के छेड़खानी के आरोप में बर्खास्त कर दिया है। आरोपित सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

दोकटी थाना के चौकी लालगंज पर नियुक्त सिपाही पंकज गुप्ता के विरुद्ध आरोप लगाए गए कि इलाके के ही एक गांव की किशोरी जो कोचिंग पढ़कर साइकिल से घर वापस जा रही थी, के साथ छेड़खानी की गई है। इस शिकायत के आधार पर शुक्रवार को ही मुकदमा दर्ज कर विभागीय जांच की जा रही थी।

बैरिया के सीओ आलोक कुमार ने बताया कि सिपाही पंकज गुप्ता पुलिस विभाग में अपनी परिवीक्षा अवधि के अंतर्गत सेवा दे रहा था। उन्होंने कहा कि पुलिस बल एक अत्यन्त अनुशासित संगठन है, जिसका प्राथमिक दायित्व समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। आरोपित प्रोबेशनर आरक्षी के द्वारा किया गया यह कृत्य अनुशासनहीनता एवं नैतिक अधमता की श्रेणी में आता है। इस घटना से उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि धूमिल हुई है। इसी कारण उसे पुलिस कप्तान ने निलंबित कर दिया है।

-----------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी