home page

बलिया : घनी आबादी में अवैध पटाखे का जखीरा मिला

 | 
बलिया : घनी आबादी में अवैध पटाखे का जखीरा मिला


बलिया, 05 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बलिया जिले की रसड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्वाट, सर्विलांस और थाना रसड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने साेमवार काे नाथ बाबा चौराहा स्थित एक परिसर में छापेमारी कर करीब 15 लाख रुपये कीमत के अवैध पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद किया है। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है।

उपजिलाधिकारी रसड़ा रणवीर सिंह और क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार की मौजूदगी में टीम ने नाथ बाबा चौराहा के पास घनी आबादी में सोमवार को दबिश दी। यहां तारकेश्वर जायसवाल (62) के दुकान और आवासीय परिसर की तलाशी ली तो 85 छोटी-बड़ी बोरियां, 15 कार्टून तथा खुले हुए करीब पांच बोरी पटाखे बरामद हुए। पुलिस की जांच में सामने आया कि पटाखों का भंडारण कथित तौर पर बिना वैध लाइसेंस और आवश्यक सुरक्षा मानकों के किया गया था। पुलिस के मुताबिक, परिसर घनी आबादी के पास था और वहां पर्याप्त अग्निशमन उपकरण भी उपलब्ध नहीं थे। जिला प्रशासन की ओर से जारी वैध फायर एनओसी भी नहीं मिली। पुलिस ने आशंका जताया कि किसी दुर्घटना की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बरामद पटाखों को सीज करते हुए तारकेश्वर जायसवाल के खिलाफ थाना रसड़ा में धारा 125 बीएनएस, धारा नौबी और नौ सी विस्फोटक अधिनियम 1884 तथा धारा तीन, चार और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 के तहत कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी