बलिया में सगे चाचा ने भतीजे को मारी गोली
बलिया, 23 अप्रैल (हि.स.)। जिले के चितबड़ागांव थाना के बगही में गुरुवार देर शाम पारिवारिक विवाद में चाचा ने चौदह वर्षीय भतीजे को गोली मार दी। घटना के बाद परिजन घायल किशोर को जिला चिकित्सालय ले गए, जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार घायल किशोर खतरे से बाहर है।
बगहीं गांव निवासी संजय सिंह पुत्र रामदेव सिंह का अपने बड़े भाई बब्बन सिंह के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। जिसकी रंजिश में उसने अपने 14 वर्षीय भतीजे वैभव सिंह को गोली मार दी। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घायल वैभव को आनन-फानन में जिला अस्पताल बलिया ले जाया गया, जहां उसका उपचार करने के बाद ट्रामा सेंटर बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया गया। गोली वैभव सिंह की बांह में लगी है।
इस सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी सदर राकेश सिंह ने बताया कि घायल किशोर की हालत अब खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। गोली चलाने वाला आरोपित युवक घायल किशोर का सगा चाचा है। जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

