सामाजिक प्रतिष्ठा के लिए कराई थी पत्नी और बेटी की हत्या, पति समेत तीन गिरफ्तार
बलिया, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रसड़ा थाना क्षेत्र स्थित मुस्तफाबाद में 16 सितंबर की रात हुई मां-बेटी की हत्या का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। स्वाट, सर्विलांस और थाना रसड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में मृतका मान्ती देवी के पति रामचीज गुप्ता समेत तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आराेपित ने स्वीकारा कि पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक न होने और बेटी के अंधी होने के कारण परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित होने की आशंका को लेकर उसने इस घटना काे अंजाम दिया था।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दिनेश शुक्ल ने बताया कि, 17 सितंबर को रामचीज गुप्ता की तहरीर पर उनकी पत्नी और बेटी की हत्या के मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। तहरीर में बताया कि वह जब बाजार से घर पहुंचा तो देखा कि पत्नी मान्ती देवी का शव पड़ा हुआ है, जबकि बेटी गौरी लापता थी। तलाश के दौरान गौरी का शव घर के पास खेत में मिला।
पुलिस काे विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान रामचीज गुप्ता की भूमिका संदिग्ध नजर आई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। इस पर रामचीज ने अपना गुनाह स्वीकार लिया। उसने बताया कि मुस्तफाबाद निवासी चंदन यादव और दिनेश गुप्ता को अपनी स्थिति बताते हुए पत्नी और बेटी की हत्या की योजना बनायी थी। 16 सितंबर की शाम करीब सात बजे तीनों ने कथित रूप से वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद गौरी के शव को खेत में रख दिया और घर में फैले खून को साफ कर घटना को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई हत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। सूचना पर पुलिस ने शनिवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे सिधागरघाट से रामचीज गुप्ता (70) की निशानदेही पर चंदन यादव और दिनेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त लोहे का दाव तथा घटना के समय पहने गए दो कपड़े बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों आरोपिताें को जेल भेज दिया।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

