home page

बलिया में अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त की अंबेडकर प्रतिमा, पुलिस ने करायी मरम्मत

 | 
बलिया में अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त की अंबेडकर प्रतिमा, पुलिस ने करायी मरम्मत


बलिया, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रसड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अराजक तत्वों ने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की है। यहां रोहना गांव में बीती रात शुक्रवार को अज्ञात अराजक तत्वों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। शनिवार को क्षतिग्रस्त प्रतिमा को देख ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, शरारती तत्वों ने बीती रात अंधेरे का फायदा उठाकर अंबेडकर प्रतिमा की उंगली तोड़ दी। शनिवार सुबह जैसे ही ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी मिली, पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते मौके पर महिलाओं समेत सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने गुस्साई भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सीओ आलोक कुमार गुप्त ने कहा कि आज सुबह साढ़े सात बजे पीआरवी 112 की ओर से थाना रसड़ा पर सूचना मिलने के बाद से ही रसड़ा की पुलिस फोर्स, नायब तहसीलदार मौके पर मौजूद हैं। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शान्ति व्यवस्था कायम है। क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत करा दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी