बलिया: इलाज में लापरवाही से हुई मौत मामले में चिकित्सक गिरफ्तार
बलिया, 30 मार्च (हि.स.)। जिले की काेतवाली पुलिस ने पंद्रह दिन पहले प्रसूता और दो नवजात बच्चियों की मौत के मामले में पूर्वांचल हॉस्पिटल के डॉ. आदित्य सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इसके पहले एक अन्य मरीज की मौत के मामले में आकाश हॉस्पिटल के एक चिकित्सक को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
बीती 13 जनवरी को एक पीड़ित व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पूर्वांचल हॉस्पिटल में इलाज के दौरान डॉक्टर की घोर लापरवाही के कारण उसकी पत्नी और दो नवजात जुड़वा पुत्रियों की मौत गई थी। आरोप है कि तीनों की मौत हो जाने के बावजूद डॉक्टर ने सच्चाई छिपाई और मरीज को मऊ रेफर करने का नाटक किया। इस घटना के सामने आने के बाद काफी बवाल हुआ था। इस गंभीर मामले में शहर कोतवाली में धारा 105 बीएनएस (गैर-इरादतन हत्या) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसपी ओमवीर सिंह के मुताबिक आराेपित डॉ. आदित्य सिंह को सोमवार को कोतवाली क्षेत्र के हास्पिटल रोड से एसआई सौरभ कुमार सिंह एवं उनकी टीम ने गिरफ्तार कर कोर्ट के सामने पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराध नियंत्रण और जनता को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

