फास्ट फूड दुकान से बाल श्रमिक विमुक्त
बक्सर , 25 सितंबर (हि.स.)। बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को श्रम विभाग की धावा दल ने शहर के एमवी कॉलेज गेट स्थित मेसर्स मां मुंडेश्वरी फास्ट फूड एवं स्वीट्स में छापेमारी कर एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया। कार्रवाई श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा जिला पदाधिकारी के निर्देश पर की गई।
छापेमारी में बक्सर सदर, राजपुर एवं इटाढ़ी के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान बक्सर नगर थाना के पुलिस बल तथा स्व. कन्हाई शुक्ला सेवा संस्थान के सदस्य भी मौजूद थे। जांच के दौरान दुकान में बाल श्रमिक के नियोजित होने की पुष्टि के बाद उसे तत्काल मुक्त कराया गया।
विमुक्त बाल श्रमिक को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला बाल कल्याण समिति, बक्सर के सुपुर्द कर दिया गया है। विभाग की ओर से दोषी नियोजक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। साथ ही बाल श्रमिक के पुनर्वासन के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
श्रम विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में बाल श्रम के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। धावा दल के माध्यम से दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं अन्य कार्यस्थलों पर नियमित जांच और छापेमारी की जा रही है। विभाग का उद्देश्य बच्चों को श्रम से मुक्त कर उन्हें शिक्षा और सुरक्षित भविष्य से जोड़ना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

