बेकरी मैनेजर हत्याकांड मामला, आरोपित की निशानदेही पर हथौड़ा और लोहे की रॉड बरामद
जलपाईगुड़ी, 28 सितंबर (हि.स.)। जिले के नयाबस्ती इलाके में बेकरी मैनेजर हाफिजुर रहमान हत्या मामले में कोतवाली थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा और लोहे की रॉड बरामद कर ली है। पुलिस ने यह बरामदगी गिरफ्तार बेकरी कर्मचारी नूर आलम शेख की निशानदेही पर की है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात बेकरी के मैनेजर हाफिजुर रहमान की हत्या कर रुपये-पैसे लूटने के बाद आरोपित के फरार होने का आरोप है। शुक्रवार सुबह बेकरी के अंदर मैनेजर का रक्तरंजित शव बरामद किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बेकरी में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से नूर आलम शेख की पहचान की। इसके बाद उसे मुर्शिदाबाद से गिरफ्तार किया गया और शनिवार को जलपाईगुड़ी लाकर अदालत में पेश किया गया। अदालत से पुलिस ने आरोपित को पांच दिन की हिरासत में लिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि हत्या के लिए हथौड़े और लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपित ने दोनों हथियार बेकरी के ही एक हिस्से में छिपा दिए थे और वहां से फरार हो गया था।
रविवार देर रात पुलिस आरोपित नूर आलम को साथ लेकर नयाबस्ती स्थित उसी बेकरी में पहुंची। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने खुद उस स्थान की पहचान की, जहां उसने हथियार छिपाए थे। इसके बाद वहां से हथौड़ा और लोहे की रॉड बरामद कर ली गई।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

