बैजनाथ में 135 ग्राम चरस सहित दो युवक गिरफ्तार, स्कूटी की डिग्गी में रखी थी चरस
धर्मशाला, 08 मार्च (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ निरन्तर जारी विशेष अभियान के अन्तर्गत शनिवार बीती मध्य रात्रि पुलिस थाना बैजनाथ की टीम ने दो युवकों को 135 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा नाकाबन्दी के दौरान स्कूटी नम्बरी एचपी40एफ-5509 में सवार अनीश ठाकुर पुत्र राजिन्द्र ठाकुर निवासी मोहल्ला जुलाहखड़ी, वार्ड नम्बर 6, डाकघर, तहसील व जिला चम्बा उम्र 19 साल व नमन पुत्र मनोज कुमार निवासी गांव व डाकघर इच्छी तहसील व जिला कांगड़ा उम्र 20 साल के कब्जे यह चरस बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। जिस पर उपरोक्त दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया तथा इनके विरुद्ध पुलिस थाना बैजनाथ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही नियमानुसार प्रगति पर है।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ जारी विशेष अभियान में लगातार गश्त, नाकाबन्दी, गुप्त सूचना एकत्रित करना जारी है। इसी कड़ी में बीती मध्य रात्री को पुलिस थाना बैजनाथ की टीम ने अवाही नाग मोड़ के पास यातायात चैकिंग के लिए नाकाबन्दी की हुई थी, उसी दौरान घट्टा की तरफ से आई स्कूटी नम्बरी एचपी40एफ-5509 को चैकिंग हेतू रोकने पर स्कूटी चालक अनीश ठाकुर व उसके साथ सवार नमन घबराए प्रतीत हुए। जिस पर संदेह के आधार पर स्कूटी की नियमानुसार तलाशी के दौरान स्कूटी की डिग्गी से 135 ग्राम चरस बरामद हुई। मौका पर उक्त स्कूटी को भी कब्जा पुलिस में ले लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

