मुठभेड़ में चार गौकश गिरफ्तार, दो को लगी गोली; एक पुलिसकर्मी भी घायल
बरेली, 27 मार्च (हि.स.) । थाना बहेड़ी पुलिस ने गौकशी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार तड़के मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हुआ है। आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहा, पशु वध के उपकरण, नकदी और एक टेंपो बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 24/25 मार्च की रात श्यामाचरण गोटिया क्षेत्र के जंगल में किच्छा नदी किनारे एक गौवंशीय पशु के वध का मामला सामने आया था। इस संबंध में थाना बहेड़ी में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। लगातार दबिश के बीच शुक्रवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपित फिर से वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने उत्तमनगर रोड स्थित नहर पुलिया के पास चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक नीले-सफेद रंग का टेंपो संदिग्ध हालत में आता दिखा। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर चालक वाहन को तेजी से मोड़कर नहर की पटरी की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो करीब 400 मीटर आगे जाकर टेंपो फंस गया।
इस दौरान टेंपो सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से हेड कांस्टेबल सरजीत सिंह घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। वहीं, मौके से भागने की कोशिश कर रहे दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में फैजान निवासी इस्लामनगर और लईक निवासी जाफरपुर घायल हैं, जबकि सद्दाम निवासी राजा नगर और रवि निवासी श्यामाचरण गोटिया को सकुशल पकड़ा गया है। सभी आरोपित बहेड़ी और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे .315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, एक 7.63 बोर रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस व खोखे, पशु वध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक टेंपो, 10 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
घायल आरोपियों और पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि “गौकशी की घटना में शामिल आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हुआ। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को गोली लगी और चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

