home page

घरेलू विवाद से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान, चार माह पहले हुई थी शादी

 | 
घरेलू विवाद से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान, चार माह पहले हुई थी शादी


बागपत, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत शहर के कोर्ट रोड स्थित गली नंबर चार में घरेलू कलह से परेशान एक युवक ने मंगलवार काे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कर रही है।

मंगलवार सुबह करीब सात बजे यह घटना सामने आई। मृतक के भाई राहुल ने बताया कि 28 वर्षीय दीपक की शादी करीब चार माह पहले ही हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। आरोप है कि करीब एक माह पूर्व उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। सोमवार 22 जून को दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को लेकर एसपी कार्यालय में समझौता हुआ था। इस दौरान ढाई लाख रुपये देने पर सहमति बनी थी। परिजनों का कहना है कि इसी समझौते और लगातार चल रहे घरेलू तनाव के कारण दीपक मानसिक रूप से काफी परेशान था।

मंगलवार सुबह उसने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। दीपक दिल्ली में एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत था। कोतवाली बागपत प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी