हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी को मारने वाला व्यापारी गिरफ्तार
बागपत, 09 जुलाई (हि.स.)। बागपत जिले के बड़ौत में NH-709B हाईवे पर 9 जून को दिनदहाड़े हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए व्यापारी दीपक अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। दीपक पर हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी की सरेआम गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। इस खौफनाक शूटआउट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।
घटना 9 जून 2026 की शाम बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में तहसील के पास हुई थी। आरोप है कि वरुण लुहारी अपने साथियों के साथ टेंट कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल और उनके बेटे विकास पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर फरार हो रहा था।
इसी दौरान मृतक के भाई दीपक अग्रवाल ने बीच हाईवे पर ही ‘बदले’ की आग में लुहारी को निशाना बनाकर गोलियां चला दीं। गोली लगने से लुहारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई। कुछ ही मिनटों में डबल मर्डर ट्रिपल मर्डर में बदल गया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कानून-व्यवस्था पर सवाल उठे। लुहारी के परिजनों की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में पुलिस ने अब दीपक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीओ बड़ौत अंशु जैन ने बताया कि वरुण की हत्या के मामले में आरोपित दीपक अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। वरुण लुहारी की मौत की जांच अलग से चल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

