home page

युवक की हत्या का तीन घंटे में खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
युवक की हत्या का तीन घंटे में खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार


बागपत, 08 जून (हि.स.)। बागपत कोतवाली क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मात्र तीन घंटे में खुलासा कर दिया। एसपी द्वारा बनाई टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बता दे कि बागपत के मुगलपुरा मोहल्ले में सोमवार की सुबह एक युवक का शव बरामद हुआ था। जिसकी पहचान बागपत के ही शहनाज के रूप में हुई थी। मामले में केतीपुरा निवासी इरशाद ने तहरीर देकर बताया कि उसके भतीजे शाहजान के साथ मुगलपुरा निवासी सलमान ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद सलमान, फरमान, इमरान व शाहरुख समेत अन्य लोगों ने मिलकर शाहजान की हत्या कर दी।

मामले में कोतवाली बागपत पर मुकदमा संख्या 369/26 धारा 103(1)/352/351(2) बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। एसपी बागपत सूरज कुमार राय के निर्देश पर घटना के बाद सक्रिय हुई कोतवाली पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—शाहरुख (19), फरमान (26) और इमरान उर्फ ईम्मन (30), सभी निवासी मुगलपुरा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल और मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इस सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उनके खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। बागपत कोतवाल प्रभारी बृजेश कुमार का कहना है कि मृतक का आरोपियों के घर आना जाना था। मृतक उनके घर में गलत नजर रख रहा था जिसको लेकर आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी