home page

डूडा कर्मी और प्रेमिका की हत्या में दो गिरफ्तार

 | 
डूडा कर्मी और प्रेमिका की हत्या में दो गिरफ्तार


डूडा कर्मी और प्रेमिका की हत्या में दो गिरफ्तार


बागपत, 30 अप्रैल (हि.स.)। बागपत से लापता हुए डूडा कर्मी और आरोपित महिला की सहारनपुर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों के शव अलग-अलग तारीख और स्थान पर सहारनपुर पुलिस को मिले हैं। मृत डूडाकर्मी की पत्नी ने मृतक महिला पर आरोप लगाते हुए बागपत पुलिस से शिकायत की थी। उधर सहारनपुर पुलिस ने डबल मर्डर के आरोप में बागपत से दो लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है।

बागपत में डूडा विभाग में सिटी मिशन मैनेजर के पद पर तैनात विक्रांत कुमार उम्र 37 वर्ष 16 अप्रैल को रहस्यमय परिस्थिति में अचानक लापता हो गए थे। विक्रांत की पत्नी प्राची ने गुमशुदा की रिपार्ट दर्ज कराते हुए एक महिला राखी कश्यप पर संदेह जताया था और पति की तलाश करने की गुहार लगाई थी। बागपत पुलिस द्वारा डूडाकर्मी की तलाश की गई लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। उधर सहारनपुर में दो अलग-अलग स्थान पर महिला और पुरुष के शव मिले हैं। 17 अप्रैल को बड़गांव थाना क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था, जिसकी पहचान विक्रांत कुमार के रूप में हुई। 27 अप्रैल को मिर्जापुर थाना क्षेत्र के रजापुर नौगांव के जंगल में एक युवती का गला कटा सर बरामद हुआ जिसकी पहचान राखी कश्यप के रूप में हुई। सहारनपुर पुलिस ने मामले की जांच की तो बागपत के दो लोगों के नाम सामने आए जिन्हें सहारनपुर पुलिस बागपत से उठाकर ले गई।

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि डूडा विभाग का लिपिक विक्रांत अपनी प्रेमिका राखी कश्यप से शादी करना चाहता था। इस संबंध में बागपत में एक पार्टी आयोजित की गई। पार्टी में विक्रांत की प्रेमिका राखी कश्यप के साथ बागपत के दो और लोग भी शामिल थे। बताया गया है कि शराब के नशे में किसी बात को लेकर विक्रांत और अन्य दो लोगों के बीच विवाद हो गया, विवाद इतना बढ़ गया कि राखी कश्यप ने लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और फायर कर दिया। गोली विक्रांत की जांघ में जा लगी। आनन-फानन में राखी कश्यप और अन्य दो लोग विक्रांत को गाड़ी में लेकर सहारनपुर जिले के बड़गांव पहुंच गए जहां उन्होंने विक्रांत की हत्या कर दी और शव कपड़े में लपेटकर नहर में फेंक दिया। इसके बाद तीनों बागपत वापस आ गए। इधर बागपत पुलिस डूडाकर्मी की तलाश कर रही थी जिसको लेकर कई लोग हिरासत में लिए गए और पूछताछ की गई। दोनों युवकों को डर था कि राखी पुलिस के सामने राज न खोल दे। दोनों आरोपियों ने राखी कश्यप को भी सहारनपुर ले जाकर उसकी हत्या कर दी और शव रजवाहे में फेंक दिया। पकड़े गए आरोपियों ने सहारनपुर पुलिस के सामने वारदात का खुलासा कर दिया है। बागपत एसपी सूरज कुमार राय का कहना है कि घटनास्थल सहारनपुर का था इसलिए सहारनपुर पुलिस सुधारस चौहान और कपिल दो लोगों को लेकर गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी