पेड़ से लटका मिला अज्ञात युवक का शव, छानबीन में जुटी पुलिस
भागलपुर, 05 मई (हि.स.)। जिले के बाईपास थाना क्षेत्र के बीविया टोला स्थित बिलैया बगीचा में मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले शव को देखा और तुरंत इसकी सूचना बाईपास थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच में सहयोग करेगी।
पुलिस का कहना है कि शव की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

