बाग पुलिस की कार्रवाई, अंतरजिला वाहन चोर गिरफ्तार; पांच चोरी की बाइक बरामद
बाग, 4 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले की बाग थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की निशानदेही पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
शनिवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी निरीक्षक हिरुसिंह रावत के निर्देशन में थाना बाग और डेहरी चौकी की संयुक्त टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही थी तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा गया था। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर ग्राम पहाड़वा, थाना जोबट (जिला अलीराजपुर) निवासी लखन उर्फ नानकिया बघेल को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपित ने अपने एक साथी के साथ मिलकर बाग, डेहरी चौकी, मनावर, नौगांव तथा मंदसौर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच चोरी की बाइक बरामद कीं।
बरामद वाहनों में दो बजाज पल्सर, दो हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस और एक होंडा सीबी शाइन शामिल हैं। सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

