home page

बागै नदी में युवक का मिला शव, हत्या की आशंका

 | 
बागै नदी में युवक का मिला शव, हत्या की आशंका


बांदा, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नरैनी कोतवाली क्षेत्र में घर से निकले युवक का शव बागै नदी से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की गर्दन और सिर के पास धारदार हथियार से चोट के निशान मिलने के बाद मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की गहन जांच में जुट गई है।

नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नहरी गांव के मजरा लक्ष्मी बाजार निवासी जिलेदार के अनुसार उनका 30 वर्षीय पुत्र बरकत अली शुक्रवार देर शाम पड़ोसी बृजमोहन के पुत्र राहुल के साथ बाइक लेकर घर से निकला था। बताया गया कि राहुल को शंकर बाजार में उतारने के बाद बरकत लहुरेटा जाने की बात कहकर चला गया था। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

रविवार सुबह ग्रामीणों ने क्योटरा गांव के पास बागै नदी में एक शव पानी में उतराता देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। बाद में पहुंचे पिता ने शव की पहचान बरकत अली के रूप में की।

परिजनों के मुताबिक, बरकत जब घर से निकला था तो सामान्य कपड़े पहने हुए था, लेकिन शव मिलने के समय वह केवल शर्ट और चड्डी में था। उसका मोबाइल फोन भी गायब था। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से गंभीरता से जांच की मांग की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बरकत की गर्दन के बाएं हिस्से पर तेज धारदार हथियार से कटने का निशान पाया गया है। बाएं कान और कनपटी पर भी चोट और कटने के निशान मिले हैं। रिपोर्ट में शव के करीब दो दिन तक पानी में रहने की संभावना जताई गई है। पुलिस अब इन तथ्यों के आधार पर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बरकत अली परिवार का भरण-पोषण छोटा-मोटा सामान बेचकर करते थे। उनकी शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी और उनके तीन छोटे बच्चे हैं इनायत, नाजिया और डेढ़ वर्षीय गुलनाज। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई शाहिद अली और इरफान हैं।

कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि नौगांव के पास क्योटरा गांव स्थित नदी से युवक का शव बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस उन लोगों से भी पूछताछ कर रही है, जो युवक के आखिरी समय में उसके संपर्क में थे। जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह