home page

पांच सौ कैमरों की फुटेज खंगाली, फिर उसी ट्रेन में पकड़ा बैग चोर

 | 
पांच सौ कैमरों की फुटेज खंगाली, फिर उसी ट्रेन में पकड़ा बैग चोर


आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई

जोधपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। नागौर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्री का लैपटॉप बैग चोरी करने वाले आरोपित को आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने करीब पांच सौ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आखिरकार उसी ट्रेन में पकड़ लिया, जिसमें उसने चोरी की थी। आरोपित 18 अगस्त की रात लूणकरणसर-बीकानेर के बीच ट्रेन में संदिग्ध हालत में मिला। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

घटना के अनुसार जीआरपी थाना मेड़ता रोड में दो अगस्त को मामला दर्ज हुआ था। परिवादी निकिता मीणा ने ट्रेन संख्या 14804 जम्मूतवी एक्सप्रेस में बैग चोरी की शिकायत दी थी। घटना की सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद विशेष टीओपीबी टीम गठित की गई।

उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा के अनुसार टीम में सीआईबी जोधपुर के निरीक्षक नवीन कुमार राही मय स्टाफ, आरपीएफ आउट पोस्ट नागौर के उप निरीक्षक रमेश कुमार मय स्टाफ तथा जीआरपी के अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर लाल शामिल थे। टीम ने ट्रेन के अंदर के अलावा नोखा, देशनोक, बीकानेर, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, बठिंडा और फिरोजपुर सहित विभिन्न स्थानों के करीब पांच सौ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। फुटेज के आधार पर सामने आया कि संदिग्ध दो अगस्त को जम्मूतवी एक्सप्रेस के ए-1 कोच की सीट नंबर 41 पर फिरोजपुर कैंट से सवार हुआ था। नोखा स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव के दौरान उसने ए-1 कोच की सीट नंबर 39 के नीचे रखा लैपटॉप बैग चोरी किया। इसके बाद ट्रेन से उतरकर दूसरी ट्रेन से बीकानेर पहुंचा और वहां से थ्री-व्हीलर के जरिए बस पकडक़र हनुमानगढ़ की ओर फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज की मैपिंग, मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी के साथ फिरोजपुर व अंबाला मंडल की टीमों के सहयोग से आरोपी की पहचान गुरुहरसहाय, जिला फिरोजपुर, पंजाब निवासी रामू पुत्र बब्बू के रूप में हुई। टीम को सूचना मिली कि आरोपित दोबारा जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहा है। इस पर टीम ने लूणकरणसर-बीकानेर के बीच रात करीब ढाई बजे चलती ट्रेन में घेराबंदी कर उसे दस्तयाब कर लिया।

पूर्व में प्राप्त सीसीटीवी फुटेज से उसका हुलिया मिलान किया गया। गहन पूछताछ में आरोपित ने बैग चोरी करना स्वीकार कर लिया। अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। चोरी हुए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड भी प्राप्त किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश