home page

बातों में उलझा कर चोरी कर लिया 50 लाख की नकदी से भरा बैग, मामला दर्ज

 | 
बातों में उलझा कर चोरी कर लिया 50 लाख की नकदी से भरा बैग, मामला दर्ज


चित्तौड़गढ़, 12 मई (हि.स.)। अपने सेठ के कहने पर चित्तौड़गढ़ से 50 लाख रुपये लेकर भीलवाड़ा पहुंचाने जा रहे युवक को बस में बैठे आरोपितों ने बातों में उलझा कर नकदी भरा बैग व मोबाइल चोरी कर लिया। पीड़ित की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामला करीब 27 दिन पुराना है। पहले तो नौकर पर शक था लेकिन सेठ ने जब अपने स्तर पर पुख्ता हुआ कि वारदात दूसरों ने की है तो चित्तौड़गढ़ आकर रिपोर्ट दी है। सेठ एवं उसका नौकर गुजरात के रहने हैं। यह पैसा भी हवाला कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है।

चित्तौड़गढ़ कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम ने बताया कि पुलिस थाने पर गुजरात के चारडा निवासी विजयभाई पुत्र रताभाई राजपूत ने रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि वह चित्तौड़गढ़ में किराए से रह कर चारण ट्रैवल्स के संचालक राघवेन्द्र देथा का काम देखता है। गत 15 अप्रैल को सेठ ने उसे 50 लाख रुपए घर पहुंचाने को दिए थे। वह 16 अप्रैल को सुबह 4.50 बजे वह 50 लाख रुपये बैग में रख कर आरटीसी ट्रैवल्स की बस से कलक्ट्रेट चौराहा चित्तौड़गढ़ से भीलवाड़ा जा रहा था। बस में एक युवक पास की सीट पर बैठा था, जिसने उस बातों में उलझा दिया। मार्ग में कान्याखेड़ी गांव के पास बिना नंबर की सफेद बलेनो कार में सवार दो युवकों ने बस रुकवाई। इसमें दो युवक उतरे तथा पास में बैठे युवक को साथ उतार कर ले गए। तीनों ने प्रार्थी को भी बहला-फुसला कर बस से नीचे उतारा। बातचीत के दौरान आरोपी 50 लाख रुपए से भरा बैग व मोबाइल चुरा कर बलेनो कार में बैठ कर फरार हो गए। पीड़ित को वहीं छोड़ दिया।

कोतवाली सीआई ने बताया कि पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पहले प्रार्थी से ही जानकारी ली। देरी से रिपोर्ट देने के बारे में पूछा। इस पर पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद विजय अवसाद में आकर अपने गांव चला गया। सेठ व कंपनी मैनेजर अशोक भाई पटेल को उस पर शंका होने से उसके खिलाफ रिपोर्ट करवाई। पुलिस की सूचना पर विजय चित्तौड़गढ़ आया और कोतवाली में आपबीती बताई। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बस के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल