home page

दामाद पर ससुर की हत्या का आरोप, पुलिस ने हिरासत में लिया

 | 

कोलकाता, 11 मई (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल के बादुरिया इलाके में पारिवारिक विवाद को लेकर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि दामाद ने अपने ससुर की गला दबाकर हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए मृतक के मुंह में जहर डाल दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

रविवार रात बदुड़िया थाना क्षेत्र के तेतुलिया ब्रिज के पास भाटा रोड से 49 वर्षीय काजी मोजाफ्फर अहमद का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे उनका शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल से मृतक की बाइक और आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई एक चार पहिया गाड़ी भी बरामद की गई है।

प्रत्यक्षदर्शी हुमायूं कबीर ने बताया कि मग़रिब की नमाज के समय उन्हें खबर मिली थी कि कुछ युवक एक व्यक्ति को जबरन गाड़ी में उठाकर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। आसपास के सुरक्षा कर्मियों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। मौके पर पहुंचने के बाद लोगों ने मोजाफ्फर अहमद का शव पड़ा देखा।

स्थानीय लोगों का दावा है कि मृतक के गले पर दबाव के स्पष्ट निशान थे, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका मजबूत हुई है। शव के पास घास मारने वाली जहरीली दवा की एक बोतल भी मिली। लोगों का आरोप है कि हत्या को दूसरी दिशा देने और इसे आत्महत्या दिखाने के लिए मृतक के मुंह में जहर डाला गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक की बेटी और उसके पति शमीम गाजी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी कारण बेटी अपने मायके में रह रही थी। इस विवाद को लेकर दामाद और ससुर के बीच कई बार झगड़ा भी हुआ था। मृतक की बेटी आरिफा खातून ने रोते हुए बताया कि उनके पिता सुबह काम पर निकले थे और जाते समय उन्होंने उनसे 100 रुपये लिए थे। उन्होंने कहा था कि शाम तक लौट आएंगे और नातिन के साथ नमाज पढ़ने बैठेंगे, लेकिन वह वापस नहीं लौटे।

आरिफा खातून ने आरोप लगाया कि उनके पति शमीम गाजी पहले भी कई बार उनके पिता को जान से मारने की धमकी दे चुके थे।

इस मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस ने मृतक के दामाद शमीम गाजी समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि पारिवारिक दुश्मनी और आक्रोश के चलते इस सुनियोजित हत्या को अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा