मारवाड़ में बाछड़ा गिरोह की सक्रियता की आशंका
जोधपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश से जुड़े कुख्यात बाछड़ा गिरोह की जोधपुर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में सक्रियता की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संभावित नकबजनी और चोरी की वारदातों को रोकने के लिए विशेष गश्त शुरू की गई है। साथ ही आमजन से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।
पुलिस के अनुसार, बाछड़ा गिरोह बड़ी नकबजनी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए कुख्यात माना जाता है। इसी को देखते हुए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है तथा नागरिकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से घर छोड़ते समय ताले एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की अच्छी तरह जांच करने, रात्रि के समय अनजान व्यक्तियों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल आपातकालीन सेवा 112 या निकटतम पुलिस थाने को सूचना देने का आग्रह किया है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर अपुष्ट या भ्रामक जानकारी साझा नहीं करने तथा केवल सत्यापित सूचनाओं पर ही भरोसा करने की भी अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

