home page

आजादपुर मेट्रो डिपो में चोरी का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
आजादपुर मेट्रो डिपो में चोरी का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 28 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की मेट्रो यूनिट ने आजादपुर मेट्रो डिपो में हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने मेट्रो डिपो परिसर से सिग्नल प्रणाली में प्रयुक्त तार समेत अन्य कीमती सामान चोरी किया था। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर तांबे की तार भी बरामद की है।

मेट्रो पुलिस के उपायुक्त कुशलपाल सिंह ने शनिवार को बताया कि 26 फरवरी की सुबह लगभग 10 बजे सीआईएसएफ के जवानों ने डिपो परिसर में लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक को अत्यधिक सुरक्षा वाले क्षेत्र में घूमते देखा। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। जांच में पता चला कि डिपो के आवास खंड से लगभग 100 मीटर संकेत प्रणाली की तार, 60 मीटर मशीन से जुड़ी तार, चेक प्लेटें तथा एक पानी का मीटर चोरी कर लिया गया है।

सूचना मिलते ही आजादपुर मेट्रो थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305/3(5)/331(4) तथा डीएमआरसी अधिनियम की धारा 74(1)/78 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी से जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच के दौरान मुख्य आरोपित जहांगीरपुरी निवासी अली अहमद (25) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथी सनवर (24) का नाम बताया। पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। आरोपितों से पूछताछ और एक दिन की पुलिस रिमांड के दौरान यह खुलासा हुआ कि चोरी का सामान इलाके के एक कबाड़ी को बेचा गया था। इसके बाद 66 वर्षीय बक्सूद हुसैन को गिरफ्तार किया गया, जो चोरी का सामान खरीदने का काम करता था।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार तीनों आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 50 मीटर तांबे की तार बरामद की है। बाकी सामान की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह गिरोह मेट्रो नेटवर्क में पहले हुई अन्य चोरियों में तो शामिल नहीं रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी