सर्राफा कारोबारी से लूट का पर्दाफाश, 32 लाख का सोना बरामद; दो गिरफ्तार
अयोध्या, 01 नवंबर (हि.स.)। कोतवाली नगर पुलिस ने सर्राफा कारोबारी से हुई लूट की घटना का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूट का 306 ग्राम सोना बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 26,500 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा थार भी बरामद हुई है। मामले में एक अन्य आरोपित अभी वांछित है।
रविवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने बताया कि सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में चौकी प्रभारी फतेहगंज उपनिरीक्षक रोहित कुमार पांडेय और उनकी टीम ने एसओजी व सर्विलांस टीम के सहयोग से एक नवंबर को गैस गोदाम बैरियर के पास से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, अमृतसर (पंजाब) निवासी वादी की तहरीर पर कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 677/26 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 317(2) और 61(2)(ए) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपितों की तलाश करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिव्यांश उर्फ रौनक गुप्ता (23) पुत्र प्रदीप कुमार गुप्ता निवासी कौशलपुरी कालोनी फेज-1, कोतवाली नगर अयोध्या और अभिषेक सिंह उर्फ तन्नू (21) पुत्र रणविजय सिंह निवासी मानिकपुर, थाना कूरेभार, सुलतानपुर के रूप में हुई है। वहीं, पहाड़गंज निवासी सजल तिवारी पुत्र स्व. पप्पू को पुलिस ने वांछित घोषित किया है। सोना, नकदी और थार बरामद पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 306 ग्राम सोना, 26,500 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और 170 रुपये अतिरिक्त बरामद किए हैं। इसके साथ ही महिंद्रा थार वाहन संख्या यूपी 42 सीई 9551 भी बरामद की गई है। बरामद सोने की कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा, एसओजी एवं सर्विलांस प्रभारी अमरेश त्रिपाठी, चौकी प्रभारी फतेहगंज रोहित कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक चंद्रशेखर यादव, आशीष सिंह, आदर्श विक्रम सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। इसके अलावा एसओजी और सर्विलांस टीम के हेड कांस्टेबल देवाशीष सिंह, अमित कुमार राय, सौरभ सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने भी गिरफ्तारी और बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि वांछित सजल तिवारी की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

